पुणे पुल हादसा: रविवार को पुणे के पास इंद्रायणी नदी पर बना एक पुल ढह गया, जिससे कई पर्यटकों के बहने की आशंका जताई जा रही है। यह हादसा कुंडमाला इलाके में हुआ, जो मानसून के दौरान पर्यटकों के बीच एक लोकप्रिय स्थल माना जाता है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जानकारी दी कि इस दुर्घटना में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, 32 लोग घायल हैं, छह लोगों को बचा लिया गया है, जबकि कुछ लोग अभी भी लापता हैं।
30 लोग अस्पताल में भर्ती
पुणे पुल हादसा: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने बताया कि इंद्रायणी नदी पर बना लोहे का पुल जर्जर हालत में था और शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक साथ ज्यादा लोग पुल पर खड़े थे, जिससे वह गिर गया। पुणे के जिलाधिकारी जितेन्द्र डुडी ने कहा कि अब तक 38 लोगों को बचाया गया है, जिनमें से 30 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
दो पर्यटकों की मौत, NDRF तैनात
एनसीपी विधायक सुनील शेल्के ने पुष्टि की कि दो पर्यटकों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हुई है और चार से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF की टीमें मौके पर तैनात की गई हैं।
डीसीपी का बयान
DCP विशाल गायकवाड़ (पिंपरी-चिंचवड, जोन 2) ने बताया कि यह पुल झील और झरने के पास बना एक पुराना लोहे का पुल था, जो दोपहर 3:30 बजे से 4:30 बजे के बीच गिरा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो लोगों की मौत हो चुकी है और 6-7 लोग घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। NDRF की टीम राहत कार्य में जुटी हुई है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पुलिस ने बताया कि मावल तहसील के कुंडमाला क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। एक अधिकारी ने बताया कि NDRF की टीम बचाव कार्य कर रही है और मौके पर मौजूद है।
15 लोग अब भी लापता
पुणे पुल हादसा: तालेगांव दाभाड़े पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक पुल गिरने के बाद कई लोग नदी में बह गए, जबकि तीन लोगों को बचाया गया है। पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस के अनुसार, कुंडमाला गांव के पास बने पुल के गिरने से 10 से 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। अब तक 5 से 6 लोगों को बचाया जा चुका है। बाकी की जानकारी का इंतजार है।